होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / CM अशोक गहलोत ने मुख्यधारा की मीडिया पर लगाए ये गंभीर आरोप
CM अशोक गहलोत ने मुख्यधारा की मीडिया पर लगाए ये गंभीर आरोप
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को मुख्यधारा की मीडिया से नाराजगी व्यक्त की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को मुख्यधारा की मीडिया से नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने मीडिया पर अपना फर्ज पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मीडिया ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का बहिष्कार किया है, क्योंकि संपादक और मालिक दबाव में हैं।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपना कर्तव्य निभाने में पूरी तरह से विफल रहा है। अगर वह अपना धर्म नहीं निभाता है, तो उसे इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।
गहलोत ने कहा, ‘मेरा विशेष रूप से राष्ट्रीय मीडिया पर आरोप है कि उसने यात्रा को बहिष्कार कर रखा है। उन्होंने कहा कि यहां बैठे पत्रकारों की कोई गलती नहीं है, ये तो अपना धर्म निभाते हैं लेकिन इनके मालिक और संपादक दबाव में हैं, जिन्होंने बहिष्कार किया है।
उन्होंने कहा कि क्या गजब की यात्रा है, जो सोशल मीडिया देखते हैं, वह गर्व करते हैं कि किस प्रकार से लाखों लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मीडिया चौथा स्तंभ है, इसकी अहमियत है। राहुल गांधी की सकारात्मक यात्रा है.. किसी के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है। वह सबको गले लगा रहे हैं। अब बताइये इस देश को और क्या चाहिए।
गहलोत ने मीडिया को चेतावनी दी कि यदि ऐसी यात्रा को आप नहीं दिखायेंगे, तो आप अपना कर्तव्य पूरा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कान खोल कर सुन लीजिए, नेशनल मीडिया वाले भी और स्टेट मीडिया वाले भी। इतिहास आपको माफ नहीं करेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया दबाव में है। उन्होंने सवाल किया कि पहले जब भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की यात्रा निकली थी तो क्या पूरे देश के मीडिया ने उसे नहीं उठाया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया घरानों के भी 'हाईकमान' होते हैं और मीडिया के लोग भी तबादलों और पोस्टिंग से डरते हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे मालूम है आपका स्थानांतरण एवं पदस्थापना होती है। आप भी तबादला से घबरा जाते हैं। और तो और कोरोना वायरस महामारी के नाम पर तनख्वाह एक लाख से घटाकर 70 हजार, 30 हजार कर दी गई। मुझे मालूम है कि महामारी खत्म हो जाने के बाद तनख्वाह वापस नहीं बढ़ाई गयी।'
उन्होंने कहा, ‘इसलिए मैं कहना चाहूंगा कि आप अपने मालिक से कह दीजिए कि हम घबराने वाले नहीं है। राहुल गांधी का रास्ता सच्चाई का है। सत्य का रास्ता है। अहिंसा का रास्ता है। उनका कारवां चल पड़ा है।’
कांग्रेस महासचिव (संचार और मीडिया प्रभारी) जयराम रमेश ने मौके पर मौजूद पत्रकारों का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें दोष नहीं दिया जाना चाहिए, क्योंकि वे तो अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। उनके पास भी आलाकमान हैं। उनके आलाकमान के लिये यात्रा की कोई मांग नहीं है। लेकिन कुछ पत्रकार हैं, जो कन्याकुमारी से इस यात्रा को कवर कर रहे हैं। हमें उनके स्तर पर समर्थन और कवरेज मिल रहा है। रमेश ने कहा कि यह अलग बात है कि मुख्यधारा की मीडिया में खबरों का कवरेज उम्मीद के मुताबिक नहीं होता है।
टैग्स पत्रकार राहुल गांधी मीडिया चैनल संपादक अशोक गहलोत भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के मुख्यमंत्री