होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जन्मदिन मुबारक सुधीर चौधरी: ये तथ्य ही बनाते हैं आपको नवागत पत्रकारों का प्रेरणास्रोत
जन्मदिन मुबारक सुधीर चौधरी: ये तथ्य ही बनाते हैं आपको नवागत पत्रकारों का प्रेरणास्रोत
जाने-माने टीवी पत्रकार और ‘आजतक’ के कंसल्टिंग एडिटर सुधीर चौधरी के लिए आज बेहद खास दिन है, क्योंकि आज उनका जन्मदिन है। वह 52 साल के हो गए हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 months ago
जाने-माने टीवी पत्रकार और ‘आजतक’ के कंसल्टिंग एडिटर सुधीर चौधरी आज मीडिया जगत में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वह एक ऐसे इंसान हैं, जिन्होंने टीवी पत्रकारिता में हमेशा नए प्रयोग किए हैं और सफल भी हुए हैं। आज उनके लिए बेहद खास दिन है, क्योंकि आज उनका जन्मदिन है। वह 52 साल के हो गए हैं और 53वें साल में प्रवेश कर लिया है।
दरअसल, फील्ड रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग तक ऐसा कोई काम नहीं है जो सुधीर चौधरी ने नहीं किया है। वर्तमान समय में ‘आजतक’ पर रात 9 बजे आने वाले उनके प्राइम टाइम शो ‘ब्लैक&व्हाइट’ के बहुसंख्य दर्शक हैं। लोग इस शो को काफी पसंद करते हैं। अपनी रिसर्च से कई बार वह लोगों को चौंका देते हैं। उनके प्राइम टाइम में ऐसी खबरें होती हैं, जो न सिर्फ सामाजिक सरोकार से जुड़ी होती हैं, बल्कि लोगों के ज्ञान को भी बढ़ाती हैं।
आपको यह जानकार हैरानी होगी कि जब ‘ब्लैक&व्हाइट’ का कंटेंट तैयार किया जाता है तो उसमें महिलाओं और बच्चों का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि सुधीर चौधरी और उनकी पूरी टीम जानती है कि लोग क्या देखना चाहते हैं, लिहाजा उसी तरह का कंटेंट वे अपने शो में देते हैं। यही वजह है कि आज उनका प्राइम टाइम शो लगातार आगे बढ़ रहा है और लोगों के दिलों पर राज कर रहा है।
‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन’ (IIMC) से पढ़कर निकले सुधीर चौधरी ने करियर के शुरुआती दौर में ही अपना लक्ष्य सोच लिया था और जैसे अर्जुन को सिर्फ चिड़िया की आंख दिखाई देती थी, उसी तरह सुधीर चौधरी को सिर्फ अपने लक्ष्य दिखाई देते हैं और उन्हें पाने के लिए वो दिन-रात एक कर देते हैं। टीवी में छोटे पद से लेकर कंसल्टिंग एडिटर तक का सफर उन्होंने तय किया है।
आज ट्विटर पर सुधीर चौधरी के साढ़े सात मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं और इस लिहाज से भी वह सबसे प्रसिद्ध एंकर्स में से एक हैं।
सुधीर चौधरी ने अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए कई बड़े मुद्दों को कवर किया है। उन्होंने लोकसभा चुनावों के साथ कई राज्यों के विधानसभा चुनावों को भी कवर किया है। इसके अलावा उन्होंने तमाम बड़े राजनेताओं के साक्षात्कार भी किए हैं। सुधीर चौधरी उन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्तोत्र हैं, जो पत्रकारिता जगत में कदम रख रहे हैं। बहुत ही कम समय में उन्होंने न केवल आसमान की बुलंदियों को छुआ है, बल्कि वे अब अपनी दमदार एंकरिंग और अपनी प्रतिभा से मीडिया जगत में एक चमकता सितारा हैं।
'समाचार4मीडिया' की ओर से सुधीर चौधरी को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।
टैग्स सुधीर चौधरी जन्मदिन