होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / भारत एक्सप्रेस से जुड़े सौरभ सिन्हा, निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी
भारत एक्सप्रेस से जुड़े सौरभ सिन्हा, निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी
भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के बढ़ते कारवां में अब टीवी मीडिया इंडस्ट्री के जानी-मानी शख्सियत सौरभ सिन्हा शामिल हो गए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के बढ़ते कारवां में अब टीवी मीडिया इंडस्ट्री के जानी-मानी शख्सियत सौरभ सिन्हा शामिल हो गए हैं। वह यहां बतौर मेंटॉर और एडवाइजर जुड़े हैं। सौरभ सिन्हा ‘आजतक’, ‘जी न्यूज’, ‘स्टार न्यूज’, ‘सीएनबीसी आवाज’, ‘स्टार स्पोर्ट्स’ की लॉन्चिंग में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
सौरभ सिन्हा की पहचान देश में 24 घंटे न्यूज चैनलों के संस्थापक सदस्य के रूप में है। सौरभ सिन्हा को टीवी मीडिया को सजाने-संवारने का एक लंबा अनुभव रहा है। देश के प्रमुख न्यूज चैनलों का संस्थापक सदस्य रहते हुए इन्होंने मील का पत्थर माने जाने वाले कई फैसले लिए।
भारत एक्सप्रेस की मानें तो न्यूज चैनलों पर ‘न्यूज 100’, ‘कौन बनेगा मुख्यमंत्री’ सरीखे लोकप्रिय कार्यक्रम और सीएनबीसी आवाज के ‘स्टॉक 20-20’ जैसे शो इनके दिमाग की उपज हैं। इसके अलावा प्रो कबड्डी लीग, इंडियन हॉकी लीग, इंडियन सॉकर लीग के साथ अन्य टीवी और डिजिटल दुनिया प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट शुरू करने में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
सौरभ सिन्हा के लिए अपने स्वागत संबोधन में भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेन्द्र राय ने उनको भारतीय टेलीविजन मीडिया के चंद प्रतिभाशाली लोगों में से एक बताया। उन्होंने कहा, ‘खुद मैंने सौरभ सिन्हा से बहुत कुछ सीखा है। खबरों को लेकर इनका जुनून इन्हें मीडिया में विशेष पहचान दिलाता है। समूचे टीवी पत्रकारिता के क्षेत्र में सिर्फ दो लोग इनसे सीनियर हैं जो आज भी सक्रिय हैं, वो हैं उदय शंकर और संजय पुगलिया। इनके जुड़ने से चैनल को नई धार मिलेगी और हम लोग जल्द ही देश के सर्वश्रेष्ठ चैनलों में शुमार होंगे।’
निश्चित रूप से सौरभ सिन्हा जैसे दिग्गज की नई पारी की खबर से मीडिया जगत में चारों तरफ भारत एक्सप्रेस की चर्चा है। जानकारों का मानना है कि सिन्हा के नेतृत्व में भारत एक्सप्रेस जल्द ही स्थापित चैनलों की फेहरिश्त में अपना नाम दर्ज करवा लेगा।
टैग्स भारत एक्सप्रेस सौरभ सिन्हा