होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘इंडिया टीवी’ के रजत शर्मा को मिलेगी डॉक्टरेट की मानद उपाधि, कल होगा सम्मान
‘इंडिया टीवी’ के रजत शर्मा को मिलेगी डॉक्टरेट की मानद उपाधि, कल होगा सम्मान
‘इंडिया टीवी’ के एडिटर-इन-चीफ पद्मभूषण रजत शर्मा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर’ (डीलिट) से सम्मानित करने का फैसला किया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
कुमाऊं विश्वविद्यालय ने ‘इंडिया टीवी’ के एडिटर-इन-चीफ पद्मभूषण रजत शर्मा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर’ (डीलिट) से सम्मानित करने का फैसला किया है। विश्वद्यालय प्रबंधन ने समाचार4मीडिया से इस बात की पुष्टि की है और बताया है कि उन्हें यह उपाधि 7 मार्च को आयोजित 16वें दीक्षांत समारोह के दौरान दी जाएगी।
बता दें कि रजत शर्मा के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ को एलएलडी और सर गंगाराम अस्पताल में लीवर प्रत्यावर्तन यूनिट के अध्यक्ष उत्तराखंड निवासी पद्मश्री डॉ. सौमित्र रावत को डीएससी की मानद उपाधि प्रदान करेगा।
दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्र मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और कृषि मंत्री सुबोध रावत उपस्थित होंगे।
बता दें कि रजत शर्मा ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) के प्रेजिडेंट हैं और इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन के वाइस प्रेजिडेंट भी हैं। इसके अलावा वे ‘दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ’ (डीडीसीए) के पूर्व प्रेजिडेंट रह चुके हैं। रजत शर्मा को लोकप्रिय शो ‘आप की अदालत’ के लिए ज्यादा जाना जाता है। यह शो पिछले करीब 30 वर्षों से लगातार दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने में कामयाब रहा है। इस शो के कारण, उन्हें कई बार बेस्ट एंकर अवॉर्ड से नवाजा गया है। इसके अलावा इंडियन टेलिविजन एकेडमी लाइफटाइम एचीवमेंट अवॉर्ड की उपलब्धि भी उन्हें हासिल है। उन्हें साल 2016 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है।
टेलिविजन में आने से पहले रजत शर्मा 10 वर्षों तक प्रिंट मीडिया में रहे और कई राष्ट्रीय प्रकाशनों में संपादक की भूमिका निभाई। 1995 में उन्होंने भारत के पहले प्राइवेट टेलिविजन न्यूज बुलेटिन की शुरुआत की और यह भारतीय मीडिया के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ।
टैग्स इंडिया टीवी रजत शर्मा कुमाऊं विश्वविद्यालय डॉक्टरेट की मानद उपाधि डॉक्टर ऑफ लिटरेचर डीलिट